- घंडालवीं कॉलेज में एससीए की नई कार्यकारिणी के सदस्यों को दिलाई शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय घंडालवीं में शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए केंद्रीय छात्र संघ के सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रीता शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। केंद्रीय छात्र परिषद की नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष के रूप में कला स्नातक द्वितीय वर्ष की राखी शर्मा ने शपथ ग्रहण की। इसके अलावा वाणिज्य द्वितीय वर्ष के बंटी शर्मा ने उपाध्यक्ष, कला स्नातक प्रथम वर्ष की सोनाक्षी शर्मा ने सचिव, वाणिज्य प्रथम वर्ष के राहुल चौधरी ने सह सचिव, कला स्नातक द्वितीय वर्ष की अंजलि वर्मा और अनमोल शर्मा ने मनोनीत सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करते हुए अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए पदभार ग्रहण किया। प्राचार्य प्रो. रीता शर्मा ने नई कार्यकारिणी के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्रीय छात्र संघ महाविद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यकारिणी की अध्यक्ष राखी शर्मा ने बताया कि सभी सदस्य प्रशासन के साथ मिलकर महाविद्यालय को शैक्षिक और सांस्कृतिक दृष्टि से आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास करेंगे। महाविद्यालय प्रशासन के सहयोग से दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय छात्र संघ संयोजक प्रो. पवन कुमार, डॉ. रविंदर कुमार, प्रो. सीमा शर्मा, प्रो. रवि कुमार, प्रो. वीरेंद्र शर्मा, प्रो. सुदेश कुमार, संजय कुमार, दीपक कुमार और अन्य उपस्थित रहे।