बरठीं क्षेत्र में बारिश के कारण बड़गांव की तरफ जाने वाली सड़क में हुआ जलभराव।
- फोटो : BILASPUR
बरठीं (बिलासपुर)। जिले में तीन दिन से लगातार हो रही भारी बारिश गेहूं, सरसों और चने की फसलों सहित अन्य सब्जियों के लिए वरदान साबित हो रही है, वहीं दूसरी ओर बरठीं शहर की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं।
लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। वीरवार शाम से ही शुरू हुई बारिश शनिवार को भी जारी रही। सड़कों में जलभराव हो गया है। ग्रामीणों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। बरठीं बाजार सहित बड़गांव की तरफ जाने वाली सड़क में जलभराव हो गया है। उधर लोनिवि के सहायक अभियंता सुरजीत कैंथ ने बताया कि बारिश के बाद सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाएगा। बड़गांव सड़क पर जलभराव की निकासी कर दी गई है।