-लंबे समय से पेंडिंग है टैक्स का 3.75 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर से बागा रूट पर चलने वाली एक निजी बस पर परिवहन विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। विभाग के अनुसार, बस का 3.75 लाख रुपये का स्पेशल रोड टैक्स बकाया था, जिसे समय पर जमा नहीं किया गया। टैक्स न भरने के कारण बस डिफॉल्टर घोषित कर दी गई थी।
सोमवार को बिलासपुर बस अड्डे पर विभाग की टीम ने बस का चालान करते हुए उसे जब्त कर लिया। परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जब तक बकाया टैक्स जमा नहीं किया जाता, बस को रिहा नहीं किया जाएगा। आरटीओ राजेश कौशल ने बताया कि विभाग काफी समय से इस रूट पर चलने वाली बसों पर नजर रख रहा था। आरटीओ ने बताया कि यह कार्रवाई अन्य डिफॉल्टर बस ऑपरेटरों के लिए भी एक सख्त संदेश है कि वे समय पर अपने टैक्स का भुगतान करें, अन्यथा कठोर कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई के बाद अन्य रूटों पर चलने वाली बसों की भी जांच तेज कर दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन न करने वाले किसी भी ऑपरेटर को बख्शा नहीं जाएगा।