राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 6 अक्तूबर को बिलासपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली है। राष्ट्रपति आनंदपुर साहिब से सड़क मार्ग के जरिए श्री नयना देवी जी पहुंचेंगी और मंदिर में दर्शन करेंगी। इसके बाद वह वापस आनंदपुर साहिब जाएंगी और फिर एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति करीब दो से तीन घंटे रहेंगी। इसके बाद वह शिमला के लिए रवाना होंगी।
सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक दर्शन बंद
राष्ट्रपति के श्री नयना देवी जी दौरे को देखते हुए 6 अक्तूबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में दर्शन बंद रहेंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि अगर वे उस दिन दर्शन करना चाहते हैं तो सुबह 7 बजे से पहले मंदिर पहुंचकर दर्शन कर लें। दोपहर 1 बजे के बाद दर्शन सामान्य रूप से शुरू हो जाएंगे।
500 से ज्यादा जवान-अधिकारी संभालेंगे सुरक्षा
राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर 500 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। श्री नयना देवी मंदिर और एम्स परिसर की सुरक्षा को तीन-तीन सेक्टरों में बांटा गया है। राष्ट्रपति की अंतरराज्यीय आवाजाही के दौरान पंजाब और हिमाचल पुलिस मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी।
मंदिर तक पैदल जाएंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति पार्किंग स्थल से मंदिर तक करीब 10 से 15 मिनट पैदल चलेंगी। इस रास्ते में करीब 100 से 150 सीढ़ियां हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने सीढ़ियों की सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया है।