जिला बिलासपुर की भराड़ी उपतहसील के तहत बम्म पंचायत के कोटलू गांव में वोट डलवाने पहुंची पोलिंग पार्टी के एक अधिकारी को हार्ट अटैक आ गया। इसके बाद अधिकारी को भराड़ी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर उनका उपचार जारी है। अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
नायब तहसीलदार भराड़ी कृष्ण चंद शर्मा ने बताया कि मंगलवार को दिव्यांग और 85 वर्ष से ऊपर के वृद्ध मतदाताओं के वोट डलवाए जा रहे थे। इस दौरान पोलिंग पार्टी बम्म पंचायत के कोटलू गांव में थी। इस बीच पोलिंग पार्टी नंबर 2 के अधिकारी विद्यासागर के सीने में अचानक दर्द उठा। अन्य कर्मचारियों ने इसकी सूचना उन्हें दी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की सहायता से विद्यासागर को भराड़ी अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के अनुसार विद्यासागर की तबीयत में अब सुधार है। विद्यासागर श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के एक स्कूल में अध्यापक हैं।