तल्याणा में श्रम एवं रोजगार विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इंडक्शन हीटर वितरित करते विधायक स
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। देश और प्रदेश के विकास में कामगारों का महत्वपूर्ण योगदान है। बिना कामगारों के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है। यह बात विधायक सुभाष ठाकुर ने विधानसभा क्षेत्र सदर के तल्याणा में श्रम एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कही।
इस अवसर पर उन्होंने कामगारों को प्रोत्साहित करने के लिए 240 साइकिलें, 213 लालटेन और 184 इंडक्शन हीटर वितरित किए। उन्होंने कहा कि कामगारों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार कृतसंकल्प है। कामगारों तथा इनके परिवारों के कल्याणार्थ प्रदेश सरकार की और अनेकों योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं ताकि इन्हें भी समाज की मुख्य धारा से जोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि मनरेगा व असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले कामगारों के बच्चों की पढ़ाई के लिए, विवाह के लिए, गंभीर बीमारी के दौरान वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने उपस्थित कामगारों से आह्वान करते हुए कहा कि जो लोग इन योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह गए हैं उन्हें भी इन योजनाओं के बारे में जागरूक करें तथा इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल से पदोन्नत होकर गए मेडिकल विशेषज्ञ के स्थान पर नए मेडिकल विशेषज्ञ कि नियुक्ति कर दी गई है। वहीं कुठेड़ा पीएचसी में भी तीन चिकित्सकों ने स्वास्थ्य सेवाएं देनी शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। गोबिंदसागर तथा कोलडैम में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए आधुनिक बोट चलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं जिससे स्थानीय युवाओं के लिए भी स्वरोजगार के साधन उपलब्ध होंगे।
इस अवसर मंडलाध्यक्ष हंसराज ठाकुर, मंडल महामंत्री पवन ठाकुर, उपप्रधान ग्राम पंचायत तल्याणा रमेश चंद, मंडल उपाध्यक्ष उर्मिल कौशल, बीडीसी सदस्य निशा देवी, पूर्व जिला परिषद सदस्य अंजना देवी के अतिरिक्त अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।