भराड़ी (बलासपुर)। नेशनल हाईवे-103 पर दधोल के नजदीक अज्ञात वाहन बीती 7 जनवरी को राह चलते किशोर को टक्कर मारकर भागे वाहन चालक को पकड़ने के लिए पुलिस अब मोबाइल लोकेशन का सहारा लेगी। इसके लिए पुलिस ने हादसे के समय हाईवे से गुजरने वाले मोबाइल डाटा की जानकारी इकट्ठी करना शुरू कर दी है।
हादसे के बाद पुलिस ने दधोल में एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से एक संदिग्ध कार का पता लगाया है। इसकी तलाश पुलिस कर रही है। इसके अलावा अब हादसे के समय कितने मोबाइल फोन वहां से गुजरे हैं, इसका डाटा भी मोबाइल कंपनियों से मंगवाया गया है।
हादसे को अंजाम देने वाली कार का साइड ग्लास भी पुलिस ने मौके पर बरामद किया है। वहीं पुलिस ने सोमवार को शक के आधार पर एक कार को भी कब्जे में लेकर उसकी जांच करवाई जा रही है। बीते 7 तारीख को अज्ञात वाहन की टक्कर से 16 वर्षीय किशोर की मौत हुई थी।
हादसे को अंजाम देकर वाहन चालक फरार हो गया है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी मामले में आरोपी को पकड़ने में पुलिस के हाथ खाली हैं। तीन दिन बाद भी पुलिस न तो हादसे को अंजाम देने वाली कार के बारे में पता कर सकी है और न ही आरोपी कार चालक के बारे में।
पुलिस दुकानों के वाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। रविवार को पुलिस ने घुमारवीं, उखली व कसारु में सीसीटीवी फुटेज खंगाली व जांच को तेज करते हुए कई अन्य जगहों पर पूछताछ की।
उधर क्षेत्र के लोगों में शामिल पडयालग पंचायत प्रधान राजेश कुमार, प्रेमलाल फौजी, कृष्णलाल बरूर, सुरेंद्र, सोहन लाल, गोपाल, पवन, राजेंद्र, मदन ने फरार वाहन चालक को जल्द पकड़ने की मांग उठाई है।
डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने कहा कि हादसे में संलिप्त कार का पता लगाने के लिए पुलिस जांच जारी है। कुछ तथ्य पुलिस को मिले हैं जिनके आधार पर कार को ढूंढने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा मोबाइल डाटा को मंगवाया गया है जिसके आधार पर भी जांच की जा रही है।