नशे के खिलाफ अभियान तेज, कुछ दिन पहले भी 400 लीटर नष्ट की थी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को एक बार फिर बड़ी सफलता दिलाते हुए मजारी खड्ड क्षेत्र में भारी मात्रा में कच्ची शराब बरामद की है। नियमित गश्त के दौरान टीम ने खड्ड के किनारे छिपाकर रखे हुए कच्ची शराब के सात बड़े ड्रम मौके पर पकड़े।
इनमें भरी लगभग 1400 लीटर कच्ची शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि आगे कोई इसका अवैध इस्तेमाल न कर सके। इसके साथ ही पुलिस ने मौके पर मौजूद एक व्यक्ति को भी काबू किया, जिसकी पहचान बसंत मंडल उर्फ शंकर निवासी नाथपुर रंगरा तहसील बिहारीगंज, जिला पूर्णिया (बिहार) हाल निवासी मजारी के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 5 लीटर लाहन भी बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर नष्ट कर दिया। लाहन कच्ची शराब बनाने में प्रयोग होने वाला मुख्य कच्चा माल होता है। जानकारी के अनुसार खड्ड के आसपास कुछ दिनों से अवैध शराब निर्माण की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी आधार पर पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त गश्त बढ़ाई हुई थी। शुक्रवार को गश्त के दौरान टीम खड्ड किनारे पहुंची जहां भारी मात्रा में कच्ची शराब से भरे सात ड्रम बरामद हुए। पुलिस ने इन्हें वहीं नष्ट किया और मौके पर मौजूद आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी पुलिस ने इसी क्षेत्र में करीब 400 लीटर कच्ची शराब को नष्ट किया था। इसके साथ ही वहां पर पांच लीटर लाहन भी बरामद की गई। डीएसपी घुमारवीं विक्रांत बोंसरा ने बताया कि मामले की जांच जारी है।