14 से होगी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप,दोनों स्पर्धाओं में 44,500 रुपये की नकद पुरस्कार राशि
रैपिड स्पर्धा के शीर्ष दो खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए होंगे चयनित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला बिलासपुर में 14 और 15 नवंबर को राज्य स्तरीय रैपिड और ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। जिला बिलासपुर शतरंज संघ की ओर से यह प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल), रौड़ा सेक्टर में करवाई जाएगी। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता की दोनों स्पर्धाओं के लिए कुल 44,500 रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता के पहले दिन 14 नवंबर को रैपिड शतरंज के मुकाबले होंगे। इसमें छह राउंड खेले जाएंगे। प्रत्येक खिलाड़ी को एक मुकाबले के लिए 15 मिनट का समय दिया जाएगा। इसके अलावा हर चाल के लिए 10 सेकंड अतिरिक्त मिलेंगे। वहीं, 15 नवंबर को ब्लिट्ज शतरंज स्पर्धा आयोजित होगी। इसमें भी छह राउंड होंगे।
रैपिड स्पर्धा में पहले स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 7100 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। दूसरे स्थान के लिए 6100 और तीसरे स्थान के लिए 5100 रुपये निर्धारित किए गए हैं। चौथे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 3100 और पांचवें स्थान पर रहने वाले को 2100 रुपये मिलेंगे। छठे से दसवें स्थान तक के खिलाड़ियों को 500-500 रुपये दिए जाएंगे।
ब्लिट्ज स्पर्धा में विजेता खिलाड़ी को 3100 रुपये मिलेंगे। दूसरे स्थान पर रहने वाले को 2100 और तीसरे स्थान के खिलाड़ी को 1500 रुपये दिए जाएंगे। चौथे स्थान के लिए 1100 और पांचवें स्थान के लिए 700 रुपये निर्धारित किए गए हैं। छठे से दसवें स्थान तक रहने वाले खिलाड़ियों को 500-500 रुपये मिलेंगे।
प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ वेटरन खिलाड़ी के अलावा अंडर-15 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इन श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 1000 और दूसरे स्थान पर रहने वाले को 500 रुपये दिए जाएंगे।
रैपिड चैंपियनशिप में पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को वर्ष 2026 की राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इन दोनों खिलाड़ियों की राष्ट्रीय प्रतियोगिता की प्रवेश फीस हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज संघ की ओर से जमा करवाई जाएगी। जिला बिलासपुर शतरंज संघ ने प्रदेश के सभी शतरंज खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।