बिलासपुर के लुहणू में चलता बॉक्सिंग शेड का निर्माण। संवाद
- इंडोर स्टेडियम के सामने 24 लाख रुपये से बनाया जा बॉक्सिंग शेड
- बजट के अभाव में लंबे समय से बंद था निर्माण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। खेलो इंडिया सेंटर बिलासपुर के मुक्केबाजों को अब खुले आसमान के नीचे अभ्यास नहीं करना होगा। लुहणू इंडोर स्टेडियम के सामने 24 लाख रुपये की लागत से नए बॉक्सिंग शेड का निर्माण किया जा रहा है। शेड का निर्माण शुरू हो चुका है। जल्द ही इसका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
बजट के अभाव में लंबे समय से निर्माण कार्य बंद था। करीब छह माह पहले शेड की नींव डालने का काम किया गया था। उसके बाद निर्माण कार्य बंद हो गया। वर्तमान में खेलो इंडिया सेंटर के बॉक्सिंग खिलाड़ी खुले आसमान के नीचे अभ्यास करते हैं। बॉक्सिंग का रिंग सिंथेटिक मैदान के एक कोने में लगाया गया है। शेड नहीं होने से रिंग को धूप और बारिश से बचाने के लिए तिरपाल से ढक कर रखना पड़ता है। वहीं, बारिश होने पर खिलाड़ी रिंग में अभ्यास नहीं कर पाते हैं। खेलो इंडिया सेंटर को शुरू हुए डेढ़ साल से अधिक का समय चुका है। लेकिन उसके खिलाड़ियों को अभी भी आधारभूत ढांचे की कमी से दो चार होना पड़ रहा है। फिलहाल, शेड का निर्माण शुरू होना खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए राहत देने वाला है। बता दें कि खेल विभाग नगर परिषद बिलासपुर के इस शेड का निर्माण करवा रहा है। विभाग ने पहले नगर परिषद को आठ लाख रुपये दिए थे। इसके बाद बजट नहीं होने से निर्माण कार्य रुक गया। अब 16 लाख रुपये और दे दिए गए हैं।
कोट
बॉक्सिंग शेड का निर्माण शुरू हो गया है। इसका निर्माण 24 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। जल्द निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद बॉक्सिंग रिंग को शेड में रख दिया जाएगा। इसमें खिलाड़ी हर मौसम में अभ्यास कर सकेंगे।
रवि शंकर, खेल अधिकारी, बिलासपुर