people of bilaspur district waiting for ropeway according to center govt budget
बिलासपुर। केंद्रीय बजट में पर्वतमाला योजना शुरू करने की घोषणा की गई है। इससे बिलासपुर के लोगों को काफी उम्मीद बंधी है। कुछ समय पहले बिलासपुर के लिए लुहणू से बंदला रोप-वे को केंद्रीय भूतल और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्तावित किया था। स्थानीय लोगों का मानना है कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के संसदीय क्षेत्र और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह जिले में इस तरह के रोप-वे को प्राथमिकता मिलना स्वाभाविक है।
केंद्रीय बजट में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर को आठ रोप-वे की सौगात मिली है। राष्ट्रीय रोप-वे विकास कार्यक्रम के तहत रोप-वे को पीपीपी मोड से संचालित किया जाएगा। अब देखने वाली बात यह होगी कि इन आठ में से लुहणू से बंदला रोप-वे को शामिल करने की औपचारिक घोषणा कब होती है। हालांकि, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 13 प्रस्तावित रोप-वे में शामिल किया है। तीन किलोमीटर रोप-वे बिलासपुर शहर के लुहणू मैदान से बंदला पहाड़ी तक बनाना प्रस्तावित है। इस पर करीब 150 करोड़ खर्च करने की योजना है।
जिला के प्रमुख व्यवसायी स्ट्राइकर हांडा ने कहा कि लुहणू-बंदला रोपवे बनने से पर्यटन गतिविधियों में इजाफा होगा और बंदला की पहाड़ी से किए जाने वाले साहसिक खेल पैराग्लाइडिंग करने वाले लोगों की भी तादात बढ़ेगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मिलेंगे।
व्यवसायी प्रेम सोनी ने कहा कि बिलासपुर जिले को एम्स, फोरलेन और रेलवे के बाद रोप-वे का तोहफा मिलता है तो बिलासपुर पर्यटन के मानचित्र पर उभरकर सामने आएगा।
--