घुमारवीं के भदरोग गांव में खड्ड के किनारे खुले में फेंका गया कूड़ा।संवाद
- फोटो : BILASPUR
भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर से महज चार किलोमीटर दूर भदरोग गांव के नजदीक खड्ड के किनारे खुले में धड़ल्ले से गंदगी फेंकी जा रही है। क्षेत्र में फैली गंदगी से सेऊ पंचायत में स्वच्छता के दावे हवा हो रहे हैं। खुले में खड्ड किनारे फेंके जा रहे इस कूड़े से पानी के प्रदूषित होने क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
पूर्व उप प्रधान सुधीर चंदेल, दिनेश कुमार, रोशन लाल, सुरेश कुमार, टिका राम, रूप सिंह आदि ने बताया कि गांव के नजदीक अज्ञात लोगों ने खुले में भारी गंदगी फेंकी है। यह गंदगी बहते पानी में मिल रही है जिससे पानी प्रदूषित हो रहा है। लोगों ने बताया कि सीर खड्ड से दर्जनों पेयजल स्कीमें चल रही हैं।
लोगों के घरों में इस खड्ड का पानी पीने के लिए पहुंच रहा है। खड्ड किनारे खुले में फेंकी जा रही गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। उधर, सेऊ पंचायत प्रधान पवन कुमार ने कहा कि यह क्षेत्र पंचायत के आखिरी छोर पर है और यहां पर कोई रिहायश नहीं है। सुनसान जगह होने का फायदा उठा कर कुछ लोग कूड़ा कचरा फेंक रहे है। जल्द ही निगरानी की जाएगी कि कौन यहां पर कूड़ा कचरा फेंक रहा है। कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।