बवखाल पुल बीच मझधार, राजा साहिब! करो उद्धार, राजा साहिब! बवखाल पुल बनवाओ सहित अन्य नारों से लिखी तख्तियों को लेकर बुधवार को बवखाल संघर्ष समिति के बैनर तले लोगों ने हमीरपुर संसदीय युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष विवेक कुमार की अगुवाई में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में समिति ने बवखाल पुल के शीघ्र निर्माण की मांग की।
बवखाल पुल के निर्माण को लेकर बुधवार सुबह लुहणू के मैदान में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलने को कोट धार क्षेत्र के काफी संख्या में लोग पहुंचे। इसमें महिलाओं से लेकर बुजुर्गों ने यहां पर पहुंचकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से बवखाल पुल शीघ्र बनाने की मांग की।
विवेक कुमार ने बताया कि इस पुल का शिलान्यास लगभग 13 साल पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया था। इसका काम भी शुरू हो गया, लेकिन बीच में तकनीकी खामी आने के कारण पुल का काम अधर में लटक गया।
इस पुल को लेकर झंडूता और श्री नयना देवी जी विस क्षेत्रों के लोगों की आस धूमिल हो रही है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से दोनों क्षेत्रों के लोगों को इस पुल के बनने की आशा नजर आ रही है। उन्होंने बताया कि इस पुल का निर्माण न होने से कोट धार क्षेत्र के कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है।
पुल के निर्माण न होने से दोनों विधानसभा क्षेत्रों के लोगों का सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास रुका है। विवेक कुमार ने कहा कि पुल के निर्माण होने से कोटधार की जनता को लाभ मिलेगा। यहां के युवाओं को रोजगार के लिए नालागढ़, बद्दी, बरोटीवाला, परवाणू और चंडीगढ़ जाना पड़ता है। पुल का निर्माण होने से शाहतलाई से चंडीगढ़ की दूरी काफी कम हो जाएगी।
इसका लाभ झंडूता विधानसभा की 14 पंचायतों और श्री नयना देवी जी विधान सभा की 24 पंचायतों को भी मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में बवखाल पुल संघर्ष समिति कोटधार के प्रधान कुलदीप शर्मा, सह सचिव यश वर्धन शर्मा, कोषाध्यक्ष कुलदीप खजूरिया, उप कोषाध्यक्ष राकेश धीमान, सदस्य नीरज शर्मा, राकेश, अमित शर्मा, मदन धीमान, रमेश, राजकुमार, श्रीराम, ललित, श्याम लाल, भाग सिंह, कश्मीर सिंह, शंकर दास, मंगला देवी, मोनिका, सुलेखा और सुनीता देवी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।