बच्चों के साथ लोगों को करना पड़ रहा परेशानी का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता(बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बलघाड़ की पराहू,कबरेटा सड़क भारी बारिश से जर्जर हो गई है। कई जगह पर तो सड़क का नामोनिशान मिट गया है। सड़क कच्ची होने के कारण लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने सड़क मार्ग की मरम्मत करने की मांग की है। स्थानीय लोगों नंद लाल, अमीचंद, प्यार सिंह, मस्त राम,रोशन लाल, मंगलिया राम, नरेंद्र कुमार, राकेश कुमार और गीता देवी ने बताया कि सड़क मार्ग भारी बारिश की वजह से जगह-जगह से टूट गया है। कई स्थानों पर तो पैदल चलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सड़क मार्ग की मरम्मत करने की मांग की है। बताया कि बच्चों को स्कूल जाने में भी बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। वहीं यह सड़क जंगल के रास्ते से होकर गुजरती है। कई बार जंगल में जानवरों का डर लोगों को लगा रहता है। खासकर स्कूली बच्चों की समस्या से माता पिता चिंतित रहते हैं। वहीं ग्राम पंचायत प्रधान सुरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि सड़क मार्ग खस्ताहाल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि शीघ्र सड़क मार्ग को दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा।