झंडूता क्षेत्र के वीर जाबांज असिस्टेंट कमांडेट डॉ पंकज कुमार।
- फोटो : BILASPUR
झंडूता(बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की बलघाड़ पंचायत के ठपर गांव के वीर जांबाज सीआरपीएफ की 137 बटालियन में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर तैनात डॉक्टर पंकज कुमार को 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस बहादुरी के सर्वश्रेष्ठ पदक (पीएमजी) से नवाजा गया।
असिस्टेंट कमांडेंट पंकज कुमार ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए वर्ष 2020 में जम्मू के नगरोटा के टोल प्लाजा पर जैश ए मोहम्मद के तीन आतंकवादियों को मार गिराया था। बता दें कि अचानक ही टोल प्लाजा पर एक ट्रक रुका। ट्रक के भीतर हलचल महसूस की गई। जैसे ही सीआरपीएफ ने इसकी जांच करने की कोशिश की तो ट्रक के भीतर से ताबड़तोड़ गोलियां बरसनी शुरू हो गई। इस दौरान डॉक्टर पंकज कुमार ने अदम्य साहस का परिचय दिया और ट्रक से असला और बारूद भी बरामद किया गया।
पुलिस मेडल फॉर गैलेंट्री देश में पुलिस सेवा में बहादुरी का सर्वश्रेष्ठ पदक है। हालांकि डॉ. पंकज कुमार की जाबांजी की दास्तां को करीब डेढ़ वर्ष हो गए हैं, लेकिन अब केंद्र सरकार की ओर से बहादुर जाबांजों को पदक से नवाजने की सूची शामिल किया। पत्नी मनभावनी ने बताया कि उन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए तीन खूंखार आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया था। इस कारण समूचे क्षेत्र के साथ परिवार आज गौरव महसूस कर रहा है।