पंजगाईं ग्राम पंचायत कुनणु गांव में पानी की सप्लाई से मरा हुआ सांप निकलने का मामला सामने आया है। आईपीएच विभाग की सप्लाई में सांप आने से पूरे क्षेत्र के लोग खौफ है। लोगों का मानना है कि पेयजल टैंकों की नियमित सफाई न होने के कारण लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।
सप्लाई में सांप आने से लोग इस पानी को पीने से भी कतरा रहे हैं।
मामला ग्राम पंचायत पंजगाईं के कुनणु गांव का है, जहां शनिवार को पंडित कृष्ण दास गौतम के घर में लगे पेयजल नल से मरा हुआ सांप निकला। इससे पूरे गांव के लोग डरे हुए है। कृष्ण दास के पोते आशीष गौतम ने बताया कि गुग्गा घाट वाली पेयजल सप्लाई से शनिवार सुबह वो पीने के लिए नल से पानी भर रहे थे। इसी दौरान पानी के साथ मरा हुआ सांप घड़े में गिर गया। उन्होंने कहा कि मरा हुआ सांप देखने के बाद उनका परिवार नल के पानी का इस्तेमाल करने भी डर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह विभाग की लापरवाही का परिणाम है, जो टैंकों की समय-समय पर सफाई नहीं कर रहा हैं। इसके साथ ही पानी को साफ करने के भी उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। गौर हो कि इससे पूर्व भी जिला के कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई के साथ सांप और कीड़े आने के मामले सामने आ चुके हैं। बावजूद इसके पानी की गुणवत्ता को लेकर आईपीएच विभाग गंभीर नहीं है और लाखों की जान राम भरोसे हैं।
इस बारे में आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता प्यारे लाल ने बताया कि उन्हें भी सोमवार को ही आशीष गौतम ने इस घटना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि टैंकों को समय-समय पर साफ किया जाता है। वह खुद मौके पर जाकर गुग्गा घाट पेयजल टैंक की सफाई की जांच करेंगे। अगर टैंकों की सफाई सही नहीं पायी गयी तो ड्यूटी कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।