पहलगाम हमले का पोस्टर दिखा कर विरोध करते बिलासपुर किक्रेट अकादमी के खिलाड़ी और सदस्य। स्रोत: अक
-बिलासपुर क्रिकेट संघ ने दी श्रद्धांजलि, कहा, देश की एकता को नहीं डिगा सकते ऐसे कायर हमले
-खिलाड़ियों ने काली पट्टियां बांधकर खेला मैच, शांति और एकजुटता का दिया संदेश
-दुख की इस घड़ी में हम सब पीड़ित परिवारों के साथ : विशाल जगोता
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगांव में हुए आतंकी हमले की नृशंसता से पूरे देश में गुस्सा और शोक की लहर है। बिलासपुर के लुहणू स्थित एचपीसीए क्रिकेट अकादमी में बुधवार को इसी दर्द और आक्रोश को शब्द व शांति के मौन में ढालते हुए एक शोकसभा हुई। युवाओं ने बल्ले और बाल से देशप्रेम और संवेदना की मिसाल पेश की।
बिलासपुर क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता की अगुवाई में हुई शोकसभा में जूनियर और सीनियर क्रिकेटरों समेत कैब स्टाफ ने दो मिनट का मौन रखकर पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी। खिलाड़ियों ने पोस्टरों के माध्यम से रोष जताया और हाथों में काली पट्टियां बांधकर पूरे खेल सत्र में अपनी एकजुटता और संवेदना का प्रदर्शन किया। जगोता ने कहा कि यह हमला न केवल मानवता पर धब्बा है, बल्कि देश की अखंडता और शांति को तोड़ने की एक कायराना कोशिश है। कहा कि सरकार इस हमले का कठोर और निर्णायक जवाब देगी। ऐसे कृत्य भारत को तोड़ नहीं सकते, बल्कि हमें और मजबूत बनाते हैं। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारी आशीष कपिल, मोहम्मद साजिद, अनिरुद्ध शर्मा, सचिन, शुभम, कर्ण रघु और अन्य भी मौजूद रहे। सभी ने इस आतंकवादी हमले की निंदा की और घायल पर्यटकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।