- आतंकियों पर ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
- दकड़ी चौक से एसडीएम कार्यालय तक निकाली रैली में जमकर की नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के विरोध में बुधवार को घुमारवीं बाजार आधे दिन के लिए बंद रहा। स्थानीय व्यापारियों और संवेदना संस्था ने हमले के विरोध में रोष रैली निकाली।
बुधवार सुबह संवेदना संस्था के आह्वान पर स्थानीय व्यापारी और नागरिक दकड़ी चौक पर एकत्र हुए। यहां से एसडीएम कार्यालय तक रोष रैली निकाली गई। प्रदर्शनकारियों ने आतंकवाद और सरकार की निष्क्रियता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान लोगों में जबरदस्त गुस्सा देखने को मिला। रैली के बाद संस्था के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन एसडीएम घुमारवीं को सौंपा। ज्ञापन में भारत सरकार से यह मांग की गई कि वह कश्मीर घाटी सहित संपूर्ण भारत से रेडिकल इस्लामिक आतंकवाद और रेडिकल इस्लामिक आतंकियों के समूल विनाश के लिए कठोर कदम उठाएं। संस्था के प्रमुख विशाल नड्डा ने कहा कि मंगलवार को हुए हमले में हिंदू पहचान के आधार पर पर्यटकों को निशाना बनाया गया जो कि अत्यंत निंदनीय और अमानवीय है। उन्होंने कहा कि यह हमला केवल मानवता पर नहीं, बल्कि पूरे हिंदू समाज पर सीधा हमला है। आतंकी चुन-चुन कर हिंदू पर्यटकों की पहचान कर उन्हें गोलियों से भूनते रहे। यह सिलसिला अब रुकना चाहिए। साथ ही उन्होंने बंगाल के मुर्शिदाबाद में हाल ही में हुई हिंसात्मक घटनाओं का भी हवाला दिया, जहां हिंदुओं पर हमला, लूटपाट और महिलाओं के साथ अभद्रता के आरोप लगे हैं। ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की गई कि भारत सरकार उन आतंकी तत्वों के खिलाफ उसी भाषा में जवाब दे, जिसे वे समझते हैं। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि लगातार हो रहे इन हमलों से ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार और प्रशासन इन ताकतों के सामने पंगु हो गए हैं, जिससे आमजन का विश्वास डगमगाने लगा है। संवेदना संस्था ने बंगाल और पहलगाम हमले में मारे गए सभी हिंदुओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को हर संभव सहायता देने की अपील की। साथ ही यह स्पष्ट किया कि हिंदू समाज इस कठिन समय में एकजुट है और आतंकवाद के खिलाफ सरकार के हर ठोस कदम में उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।
कश्मीर का माहौल बिगाड़ने के लिए ली बेकसूर लोगों की जान : हीरापाल
झंडूता। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के सह संयोजक हीरा पाल सिंह ठाकुर ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दूर-दूर घूमने के लिए पर्यटक आने शुरू हुए हैं। इस प्रकार के अच्छे माहौल को बिगाड़ने के लिए बेकसूर लोगों को मारा गया है। उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। क्योंकि इस प्रकार की हरकतों के लिए हमारे देश में कोई जगह नहीं है। इस प्रकार की घटनाओं की कड़े शब्दों में निंदा की जाती है। संवाद
.................................5
पहलगाम में पर्यटकों पर हमला कायरतापूर्ण घटना : बलदेव
घुमारवीं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बलदेव राज ने कहा कि आम आदमी पार्टी आतंकवाद की कड़े शब्दों में निंदा करती है। पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला एक कायरतापूर्ण हमला है। आम आदमी पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी हैं। पिछले 11 साल में मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाया, कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाया, नोटबंदी की जैसे कई निर्णय लिए गए और इन फैसलों को लेने के पीछे यह कहा गया कि ऐसा करने से कश्मीर से आतंकवाद खत्म होगा, लेकिन आज तक आतंकवाद खत्म नहीं हुआ। नए हिंदू परिवार भी कश्मीर में स्थापित नहीं हो पाए हैं जो कि मोदी सरकार की नियत और नीति पर संदेह पैदा करते हैं। मोदी सरकार को जल्द से जल्द आतंकवाद के खिलाफ सख्त फैसला लेने की जरूरत है। संवाद
एनएसयूआई ने पहलगाम हमले पर जताया शोक
घुमारवीं। एनएसयूआई की घुमारवीं इकाई ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर गहरा शोक प्रकट किया गया। इस अवसर पर घुमारवीं महाविद्यालय परिसर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मौन रखकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी और देश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। शोक सभा की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष एनएसयूआई नितिन चड्ढा ने की। उन्होंने कहा कि यह हमला बेहद निंदनीय है और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक गंभीर चेतावनी है। इस मौन सभा में एनएसयूआई बिलासपुर कैंपस अध्यक्ष जुनैद शेख, एनएसयूआई घुमारवीं कार्यकारी अध्यक्ष शिवानी महाजन, निखिल मिन्हास, विशाल रंगरा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
...........................6
घुमारवीं में पहलगाम हमले के विरोध में रैली निकालते संवेदना संस्था के कार्यकर्ता और व्यापारी। सं