घुमारवीं (बिलासपुर)। राज्य सहकारी बैंक शाखा घुमारवीं की ओर से गांव सोहल में ग्रामीणों का वित्तीय प्रबंधन और छोटी-मोटी बचत का महत्व समझाया गया। वित्तीय साक्षरता शिविर के दौरान बैंक अधिकारियों ने कहा कि कुशल वित्तीय प्रबंधन के साथ हम अपनी जरूरत के हिसाब से खर्च को नियंत्रित करने के साथ ही बचत भी कर सकते हैं। छोटी-छोटी बचत भविष्य में जरूरत के समय आर्थिक मदद का बड़ा सहारा बन सकती है।
वित्तीय साक्षरता शिविर बिलासपुर के संयोजक विजय कुमार ने बैंक में बचत खाता खोलने के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कहा कि डिजिटल माध्यम से लेनदेन करते समय सावधानी बरतें, एटीएम नंबर, पिन नंबर, आधार कार्ड नंबर, ओटीपी, सीवीवी नंबर किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें।
शाखा प्रबंधक नरेश कुमार ने शिक्षा ऋण, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना आदि योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर ग्राम पंचायत पट्टा के प्रधान रवि कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।