शराब के ठेके के विरोध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते ग्लासी और बडू गांव के ग्रामीण। संवाद
ग्रामीणों ने एसडीएम घुमारवीं को सौंपा ज्ञापन
कहा- खतरे में है बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा
ठेके को तुरंत दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के अंतर्गत ग्लासी गांव में हाल ही में खोले गए शराब के ठेके को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। शनिवार को ग्रामीणों ने उपमंडल अधिकारी घुमारवीं गौरव चौधरी को ज्ञापन सौंपकर ठेके को तुरंत अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि यह ठेका पहले सोई गांव में खोला गया था, लेकिन वहां स्थानीय लोगों के विरोध के बाद इसे ग्लासी गांव में स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर यह ठेका खोला गया है, उसके आसपास करीब 12 परिवार रहते हैं, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। ग्रामीणों ने कहा कि ठेके से महज कुछ कदम की दूरी पर एक प्राथमिक पाठशाला और पीने के पानी की सार्वजनिक बावड़ी है। यहां रोजाना महिलाएं और बच्चे पानी भरने आते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ठेके के कारण महिलाओं की आवाजाही प्रभावित होगी और स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा मंडराएगा। ग्रामीणों ने कहा कि हमारे छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं। ठेका खुलने से माहौल बिगड़ेगा और बच्चों पर गलत असर पड़ेगा। ठेके के कारण महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी। यह हमारे सामाजिक वातावरण को खराब करेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि ठेका जल्द हटाया नहीं गया, तो वे धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से इस मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए जल्द निर्णय लेने की मांग की है।