घुमारवीं में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री धर्माणी। संवाद
बारिश से सड़कों को साढ़े 12 करोड़, जल शक्ति विभाग को 8 करोड़ रुपये की क्षति
बोले, विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए निकाली जाएगी रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने शनिवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय, घुमारवीं में उपमंडल स्तरीय विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और हाल की भारी बारिश से हुए नुकसान की समीक्षा की गई।
धर्माणी ने बताया कि भारी बारिश से घुमारवीं क्षेत्र को लगभग 20 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सड़कों को साढ़े 12 करोड़ और जल शक्ति विभाग को 8 करोड़ रुपये की क्षति हुई है। बिजली बोर्ड को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि घरों को अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ, लेकिन गोशालाओं और डंगों को काफी क्षति पहुंची है। मंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश सरकार के राहत मैनुअल के तहत प्रभावितों की सहायता करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए जल्द ही एक जागरुकता रैली निकाली जाएगी। इसमें स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे ताकि इस सामाजिक बुराई के खिलाफ जन-जागरुकता का व्यापक संदेश दिया जा सके।
धर्माणी ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में बीबीए पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को बिजनेस तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान देने के लिए एक सहकारी समिति का गठन किया गया है, जिसमें एसडीएम को चीफ पैटर्न बनाया गया है। समिति विद्यार्थियों को सहकारी सभाओं के संचालन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करवाएगी। मंत्री ने बताया कि स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है। इसमें स्वास्थ्य, आयुष, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, शारीरिक शिक्षक और महिला प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक का संचालन एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने किया। इसमें विभिन्न विभागों के उपमंडल स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।