किरतपुर-मनाली फोरलेन पर कैंची मोड़ के पास बन रही समानांतर टनल में हादसा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा घायल का अस्पताल में चल रहा उपचार संवाद न्यूज एजेंसी बिलासपुर। किरतपुर-मनाली फोरलेन पर कैंची मोड़ के पास बन रही समानांतर टनल में मलबा गिरने से दो मजदूर इसकी चपेट में आ गए। इसमें से एक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। घायल को आनंदपुर साहिब अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया हैं। वहीं दूसरे मजदूर के शव को क्षेत्रीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार नेपाली मूल के दोनों मजदूर कंपनी में टनल का काम करते थे। सोमवार को भी हर दिन की तरह दोनों टनल में काम कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर की ओर से भारी मलबा गिरा और दोनों इसकी चपेट में आ गए। दोनों करीब 30 से 35 फीट नीचे धंस गए। शीघ्र ही दोनों को निकाला गया। इसमें से एक की मौत हो गई और दूसरे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। यह दोनों मजदूर रिश्ते में मामा-भांजा थे। मृतक की पहचान अर्जुन बहादुर (25) और घायल की पहचान गणेश कंवर (34) पुत्र स्वर्गीय भगत कंवर नेपाल के रूप में हुई है। थाना प्रभारी राजेश वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेजा है और घायल का उपचार चल रहा है।