हादसे के बाद किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर लगा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट (बिलासपुर)। किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंगलवार रात कैंची मोड़ टनल के बाहर बने फ्लाईओवर पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पंजाब का ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार कैंची मोड़ टनल के बाहर एक ट्रक चंडीगढ़ से मंडी की ओर जा रहा था। ट्रक टनल नंबर-1 के बाहर फ्लाईओवर पर पहुंचा तो सामने से एक ट्रक बिलासपुर की तरफ से सीमेंट लेकर भरतगढ़ की तरफ जा रहा था। चालक गलत लेन से आ रहा था। फ्लाईओवर पर दोनों ट्रकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। चंडीगढ़ से आ रहा ट्रक सड़क पर पलट गया। ट्रक चालक को चोटें आई हैं। वहीं बिलासपुर की तरफ से जा रहा रहे ट्रक के चालक सरदार राजप्रीत निवासी नवांशहर अमृतसर बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे सीएचसी स्वारघाट की 108 एंबुलेंस में एम्स बिलासपुर ले जाया गया। हादसे के बाद जाम लग गया। पुलिस थाना स्वारघाट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। मामले की पुष्टि डीएसपी श्री नयनादेवी जी विक्रांत बोंसरा ने की है।