एनटीपीसी की ओर से आपदा जागरूकता एवं अग्नि सुरक्षा कार्यक्रम में लोगों को जागरूक करते एनडीआरएफ
एनडीआरएफ सीआईएसएफ टीम ने लोगों को दिए बचाव के टिप्स
एनटीपीसी ने घरों में बांटे अग्निशामक यंत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। आगामी मानसून को देखते हुए संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए एनटीपीसी कोलडैम की ओर से आपदा जागरूकता एवं अग्नि सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों, श्रमिकों, विद्यार्थियों और टाउनशिप के निवासियों को बाढ़, भूस्खलन, तूफान सहित अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा उपायों की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख एसएस. राव, संगिनी संघ एवं बाल भवन की अध्यक्षा नर्मदा राव, मानव संसाधन प्रमुख मंगला हरीन्द्रन सहित अन्य विभागाध्यक्ष और कर्मचारी मौजूद रहे। एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर अशोक कुमार और उनकी टीम ने प्रतिभागियों को आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता और समझदारी से काम लेने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि आपदा के दौरान सबसे पहले खुद को सुरक्षित रखना, सही निर्णय लेना और जरूरतमंद लोगों की मदद करना जरूरी है। कार्यक्रम में आपातकालीन तैयारी, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक सहायता और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने वास्तविक परिस्थितियों के उदाहरण देकर लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। घरेलू अग्नि सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एनटीपीसी कोलडैम टाउनशिप के प्रत्येक घर की रसोई के लिए अग्निशामक यंत्र उपलब्ध कराए गए। संगिनी संघ की अध्यक्षा नर्मदा राव ने गृहिणियों को अग्निशामक यंत्र वितरित किए और इसके उपयोग की जानकारी दी। सीआईएसएफ की ओर से अग्निशामक यंत्रों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इसमें गृहिणियों, कर्मचारियों, श्रमिकों और विद्यार्थियों ने भाग लेकर आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीकों का अभ्यास किया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि आपदा से बचाव के लिए जागरूकता और तैयारी सबसे महत्वपूर्ण हथियार हैं।