बटवाड़ा स्कूल में बनाया गया नया कक्षा कक्ष। स्रोत: एनटीपीसी
लंबे समय से कमरों की कमी से जूझ रहा था स्कूल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एनटीपीसी कोलडैम की ओर से सीएसआर गतिविधियों के तहत परियोजना प्रभावित क्षेत्र की बटवाड़ा पंचायत स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक नवीन कक्षा कक्ष का निर्माण करवाया गया है। लंबे समय से कक्षों की कमी से जूझ रहे विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए यह पहल बड़ी राहत लेकर आई है।
नवनिर्मित कक्षा कक्ष का विधिवत हस्तांतरण एनटीपीसी कोलडैम की अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) मंगला हरिंद्रन ने विद्यालय प्रबंधन को किया। विद्यालय में कक्षा कक्षों की कमी के चलते विद्यार्थियों को अध्ययन में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई कक्षाएं एक साथ संचालित करनी पड़ती थीं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इन समस्याओं को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने एनटीपीसी कोलडैम से सहयोग का आग्रह किया था। इस पर एनटीपीसी प्रबंधन ने त्वरित निर्णय लेते हुए सीएसआर के अंतर्गत कक्षा कक्ष का निर्माण पूरा करवाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राम लाल ने एनटीपीसी कोलडैम की इस सराहनीय पहल के लिए आभार जताते हुए कहा कि नए कक्षा कक्ष के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उनकी पढ़ाई में सुधार होगा। इस अवसर पर पंचायत प्रधान निशा देवी, एनटीपीसी कोलडैम की वरिष्ठ प्रबंधक (सीएसआर) डॉ. अंजुला अग्रवाल और सहायक प्रबंधक (सीएसआर) पूरन सिंह उपस्थित रहे।