नगर परिषद घुमारवीं के अंतर्गत वार्ड नं एक के राधा स्वामी कॉलोनी के रास्ते का गिरा डंगा।
- फोटो : BILASPUR
भराड़ी (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के वार्ड एक की राधा स्वामी कालोनी में क्षतिग्रस्त डंगे से कई मकानों को खतरा बना है। तीन वर्ष पहले गिरे इस डंगे की मरम्मत या नए सिरे से निर्माण कराने के लिए प्रशासन और लोनिवि की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया है। रिहायशी मकानों के साथ सीर खड्ड के ऊपर लगाया गया यह डंगा गिर गया था। पिछले साल कैबिनेट मंत्री गर्ग ने खुद मौके पर जाकर इसका निरीक्षण भी किया था। बावजूद इसके, क्षतिग्रस्त डंगे की प्रशासन सुध नहीं ले रहा है।
डंगा के गिरने के बाद हो रहे भूमि कटाव के कारण वहां एक गहरी खाई बन चुकी है। जिसके ठीक नीचे सीर खड्ड बह रही है और बरसात में यह खाई दिन प्रतिदिन गहरी होती जा रही है। भूमि कटाव से कई मकानों के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। जिन परिवारों के मकान इस क्षतिग्रस्त डंगे के समीप हैं उनकी रातों की नींद हराम हो गई है। इन्हें हर समय हादसा होने का अंदेशा सता रहा है। आसपास के घरों के छोटे बच्चे अक्सर यहां खेलते हुए पहुंच जाते हैं। इन बच्चों के साथ खाई में गिरने का डर भी बना है। स्थानीय लोग कई बार डंगा लगाने की गुहार प्रशासन से लगा चुके हैं।
स्थानीय निवासी ज्योति प्रकाश, पम्मी, विपिन बंसल, अरविंद शर्मा, चंद्रशेखर, विशाल, भीम आदि ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पहले मकानों के साथ लगा डंगा ढह गया था। आजतक प्रशासन और लोनिवि ने इसकी सुध नहीं ली है। नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल ने कहा कि नगर परिषद के कर्मचारी साइट की विजिट कर चुके हैं। मौके पर निरीक्षण कर लौटे कर्मचारियों के अनुसार यह एक बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है। डंगा लगाने के इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए नगर परिषद के पास बजट नहीं है। अगर सरकार या प्रशासन बजट मुहैया करवा दे तो नगर परिषद जल्द ही इस काम को करवा देगा।