घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत कसारु के कस्बा बद्दाघाट में बाहरी राज्य से सबंधित युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने स्थानीय लोगों की सहायता से मुक्ति धाम बद्धाघाट में गुपचुप तरीके से मृतक युवक का दाह संस्कार कर दिया। पुलिस को मामले की खबर तक नहीं लगी।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित प्रवासी परिवार बीते लगभग पंद्रह सालों से बद्धाघाट में ही रह रहा था और दिहाड़ी मजदूरी कर अपना पालन पोषण करता था। युवक का कुछ दिन पहले अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसकी पत्नी अपने मायके बड़सर चली गई थी। बताया जा रहा है कि युवक रात अपने कमरे में सोने चला गया था।
सुबह वह संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में मृत पड़ा हुआ मिला। मृतक की पहचान मित्रपाल (30) पुत्र कल्लू राम उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मृतक अपने पीछे दो छोटी बेटियां छोड़ गया। डीएसपी अनिल ठाकुर ने कहा कि इस संदर्भ में हमें किसी भी प्रकार की जानकारी स्थानीय पंचायत व लोगों द्वारा नहीं दी गई है। न ही इस संबंध में कोई मामला दर्ज हुआ है।