-कारखानों का भ्रमण कराकर बच्चों को दी जा रही है औद्योगिक जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एसीसी अदाणी समूह ने स्कूली विद्यार्थियों को लेकर एक नई पहल शुरू की है। इसके अंतर्गत जहां भी कंपनी की उत्पादन इकाइयां हैं वहां के आसपास के स्कूली विद्यार्थियों को कारखाने का भ्रमण कराया जा रहा है। इसी कड़ी में बरमाणा गागल सीमेंट वर्क्स ने आसपास के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं को अपने सीमेंट कारखाने का भ्रमण शुरू करवा दिया है।
अदाणी फाउंडेशन के गागल सीमेंट वर्क्स प्रभारी वरिष्ठ अधिकारी हितेंद्र कपूर ने बताया कि अब तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरमाणा, पंजगाईं के लगभग 35 छात्र-छात्राओं ने यह भ्रमण किया है। आने वाले दिनों में इसमें और स्कूल भी जोड़े जाएंगे। इस पहल के पीछे सोच यह है कि जब विद्यार्थी 10वीं या 12वीं कक्षा में पढ़ रहे होते हैं उस वक्त वह अपने कॅरिअर के बारे में सोचना शुरू कर देते हैं। यह पाया गया है कि गांव के छात्रों को औद्योगिक इकाइयों के बारे में अधिक ज्ञान नहीं होता और वह इस तरफ रुचि नहीं बढ़ा पाते। अगर ऐसे भ्रमण होंगे तो उनकी जिज्ञासा भी बढ़ेगी और उनके दिमाग में कई प्रश्न आएंगे, जिनका जवाब उन्हें इस भ्रमण में मिलेगा। कारखाने में उन्हें सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से भी अवगत कराया जाता है, ताकि वह अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति जागरूक हों।