- कोठीपुरा स्कूल में अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिताओं का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठीपुरा में शिक्षा खंड स्वारघाट की अंडर-19 छात्र वर्ग की प्रतियोगिताओं का समापन हुआ। इस अवसर पर स्थानीय स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
खंड स्तरीय खेलों के प्रभारी अमरजीत ठाकुर ने बताया कि वॉलीबाल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दयोथ विजेता और रघुनाथपुरा स्कूल की टीम उपविजेता रही। कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नम्होल विजेता और रघुनाथपुरा स्कूल की टीम उपविजेता रहा। बैडमिंटन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जकातखाना विजेता और दयोथ स्कूल की टीम उपविजेता रहा। खो-खो में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दयोथ विजेता और स्वाहन स्कूल की टीम उपविजेता रही। मार्चपास्ट में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नम्होल विजयी रही। इसके अलावा 41 खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। प्रतियोगिता के समापन पर पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को हमेशा खेल को खेल की भावना से खेलते हुए आयोजित होने वाले विभिन्न प्रकार के खेलों में भाग लेना चाहिए। यह भी शिक्षा का एक हिस्सा है। साथ ही उन्होंने सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की घट रही संख्या पर चिंता जाहिर की और सभी अध्यापकों से आग्रह किया कि स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने की मुहिम शुरू करें। उन्होंने सभी लोगों को सायर के त्योहार की शुभकामनाएं भी दीं। प्रधानाचार्य निर्मला ठाकुर ने बैज अलंकरण और स्मृति चिन्ह देकर मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। इस अवसर पर सभी अध्यापक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।