बरठीं के फगोग में भल्लू बस हादसे के पीड़ितों से मिलने पहुंचे सांसद अनुराग सिंह ठाकुर। संवाद
घटनास्थल का किया निरीक्षण, परिजनों को दी सांत्वना
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग सिंह ठाकुर रविवार को भल्लू बस हादसे के पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। बरठीं के भल्लू में हुए बस हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने फगोग गांव पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से बातचीत की और उन्हें सांत्वना दी।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह दर्द असहनीय है। एक ही परिवार के चार सदस्यों का चला जाना पूरे समाज के लिए क्षति है। केंद्र सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। भल्लू में हुई दर्दनाक बस दुर्घटना ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। भल्लू के पास पहाड़ी से मलबा गिरने से एक निजी बस में 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा 7 अक्तूबर शाम को हुआ जब मरोतन से घुमारवीं जा रही निजी बस पर भल्लू पुल के पास पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर पड़ा। मलबे और चट्टानों की चपेट में आने से बस की छत उखड़ गई और खाई में धंस गई। बस में सवार 18 यात्रियों में से 16 की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हुए। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द साझा किया और उनकी हिम्मत बढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी त्रासदी है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल और जिला भाजपा अध्यक्ष सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बरठीं के फगोग में भल्लू बस हादसे के पीड़ितों से मिलने पहुंचे सांसद अनुराग सिंह ठाकुर। संवाद