घुमारवीं की सुनैहल खड्ड पर बनने वाले पुल की शरारती तत्वों द्वारा तोड़ी गइ शिलान्यास पट्टिका।
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल की कोट पंचायत की सुनैहल खड्ड पर बनने वाले पुल की शिलान्यास पट्टिका सोमवार रात को शरारती तत्वों ने तोड़ दी है। इस पुल का शिलान्यास मंत्री राजेंद्र गर्ग ने दो दिन पहले किया था। घटना पर स्थानीय लोगों ने रोष प्रकट किया है।
स्थानीय निवासी रविंद्र कुमार, अमरनाथ शर्मा, बेसरिया राम, देश राज, कोट पंचायत के उप प्रधान पवन गौतम, डीएसपी रिटायर्ड रविंद्र ठाकुर ने बताया कि कोट पंचायत में हो रहे कार्य विरोधियों को हजम नहीं हो रहे हैं और शरारती तत्वों की ओर से ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। पुल के निर्माण से गांव कोट, कोट टांडा, कांगरी और दसमल की दूरी लदरौर से कम हो जाएगी, जिसका लाभ इन गांव के लोगों को मिलेगा। बताया कि इस पुल के निर्माण की मांग उन्होंने मंत्री गर्ग से की थी, इस पर दो दिन पहले उन्होंने इसका शिलान्यास किया था।
अधिशासी अभियंता दीपक कपिल ने बताया कि घटना का पता लगने पर कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया था। इसके अलावा पुलिस को सूचित कर दिया गया है।