सीर खड्ड के तहत मलांगण डोडरू गांव में चल रहा अवैध खनन। स्रोत: जागरूक पाठक
विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ मारपीट पर उतर जाता है माफिया
मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पोर्टल पर कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
खनन की वजह से ग्रामीण की निजी भूमि में हो रहा है कटाव
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। बरठीं के नजदीक सीर खड्ड में मलांगण डोडरू गांव के पास बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है। आरोप है कि ग्रामीणों के विरोध करने पर खनन माफिया मारपीट पर उतर आते हैं, जबकि प्रशासन और संबंधित विभाग अब तक सख्त कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि यह सिलसिला नहीं रुका तो यहां किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पोर्टल पर कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में रोष है। अवैध खनन का असर इतना गंभीर है कि आठ से दस बीघा उपजाऊ जमीन में दरारें आ चुकी हैं, जबकि कई बीघा भूमि में कटाव तेजी से बढ़ रहा है। ग्रामीण जोगिंद्र पाल ने कहा कि मलांगण डोडरू गांव के पास लगातार दिन-रात अवैध खनन चल रहा है। भारी मशीनों और ट्रैक्टरों के शोर से लोगों के लिए घरों में रहना मुश्किल हो गया है। आरोप है कि वन भूमि पर अवैध रास्ते बनाकर खड्ड तक सड़क निकाली गई है। खनन माफियाओं को किसी बड़े संरक्षण का लाभ मिल रहा है, तभी कार्रवाई नहीं हो पा रही। बताया कि जिस स्थान पर खनन हो रहा है, वहीं उनकी निजी जमीन लगती है, जो अवैध खनन की वजह से ढह चुकी है। कुछ माह पहले उन्होंने इसका विरोध किया था, जिसके बाद माफिया ने उनके साथ मारपीट की। इसकी शिकायत थाने में दर्ज करवाई गई, लेकिन खनन अभी भी नहीं रुका। कहा कि बार-बार विभाग, प्रशासन और सरकार से गुहार लगाने के बाद भी खनन नहीं रुका और न ही वन क्षेत्र से निकाली गई सड़क बंद हुई। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह माननीय हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे। जिला खनन अधिकारी हरविंदर सिंह ने बताया कि मौके पर टीम भेजी जाएगी और अवैध सड़क को बंद करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।