दसगांव स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव में बच्चों को सम्मानित करते मुख्यातिथि। संवाद
डिजिटल युग में मोबाइल फोन के स्थान पर बच्चों को दें समय : बंबर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दसगांव में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। दीपक शर्मा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में सदर-बिलासपुर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर समारोह में मुख्यातिथि रहे। समारोह की शुरुआत मां शारदा के चरणों में नमन और दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि दसवीं कक्षा में अभय चड्डा ने 92.14 फीसदी, साक्षी ने 90.42 फीसदी और आंचल ने 88.42 फीसदी अंक प्राप्त किए। 12वीं कक्षा में कनिका चंदेल ने 76.2 फीसदी, गजल खातून ने 65 फीसदी और कोमल कुमारी ने 64 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यालय में वर्षभर विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद, साहित्यिक और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की गई, जिसमें कई विद्यार्थियों ने जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बंबर ठाकुर ने विद्यार्थियों को कहा कि बच्चों के सपनों में देश की वास्तविक ताकत निहित है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा और खेल दोनों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि डिजिटल युग में मोबाइल फोन के स्थान पर बच्चों को अपना समय और मार्गदर्शन दें, क्योंकि माता-पिता और शिक्षक दोनों का सहयोग ही उज्ज्वल भविष्य की असली नींव है। विद्यालय के परीक्षा भवन के लिए स्वीकृत दस लाख रुपये की राशि प्राप्त हो चुकी है और निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ होगा। क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। इस अवसर पर बंबर ठाकुर ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 11 हजार रुपये प्रदान किए और मेधावियों का सम्मान किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने भी 11 हजार रुपये की राशि दी। समारोह का मंच संचालन हिंदी व्याख्याता कुलदीप शर्मा ने किया। मंच पर जिला कांग्रेस कमेटी के संजय शर्मा और पूर्व प्रधान बंत सिंह चंदेल भी उपस्थित रहे।