बिलासपुर (रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र में नकाबपोश चार बदमाशों ने पूर्व विधायक स्वर्गीय ज्ञानी हरेंद्र सिंह के भतीजे के फार्म हाउस पर धावा बोलकर परिजनों को बंधक बना लिया और गन प्वाइंट पर नकदी व जेवर लूटकर ले गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है, मगर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह का कहना है मामले की जांच हो रही है और तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
घटना कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुबारकपुर के पैगंबरपुर फार्म निवासी स्वर्गीय पूर्व विधायक ज्ञानी हरेंद्र सिंह के भतीजे स्वर्गीय सुखबीर सिंह मांगट के फार्म हाउस में सोमवार रात में घटी है। पैगंबरपर निवासी स्वर्गीय सुखबीर सिंह की पत्नी नरेंद्र कौर के अनुसार, सोमवार की रात वह अपने परिजनों के साथ कमरे में सो रही थीं। इस दौरान रात करीब डेढ़ बजे नकाबपोश चार बदमाश दीवार लांघकर उनके घर में घुस आए और गन पॉइंट पर सभी को अपने कब्जे में कर लिया और बंधक बनाकर डाल दिया। इसके बाद बदमाश नगदी और जेवर लूट कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह वह बंधन मुक्त हुईं और उन्होंने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस व अन्य संबंधियों को फोन के माध्यम से दी। सूचना पर रात करीब साढ़े तीन बजे कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान हरजिंदर सिंह भी मौके पर आ गए।
पुलिस ने मामले की गृह स्वामिनी से पूरी जानकारी ली। इसके बाद बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में कांबिंग भी की, मगर कोई भी बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं आया। ग्राम प्रधान का कहना है कि इससे पूर्व बदमाशों ने रात करीब साढ़े 12 बजे ग्राम डंडिया निवासी भूपेंद्र सिंह के फार्म हाउस पर भी में भी घुसने का प्रयास किया था, मगर जाग हो गई थी। शोर-शराबा होने पर बदमाश घटना को अंजाम नहीं दे सके और भाग गए थे। उक्त संदर्भ में कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह का कहना है कि मामले की अभी कोई तहरीर नहीं आई है तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना की जांच कर रही है और बदमाशों को तलाश कर रही है।
पुलिस ने खंगाले सीसीटी कैमरों में बदमाशों के फुटेज
बिलासपुर। बदमाशों द्वारा पूर्व विधायक के भतीजे स्वर्गीय सुखवीर सिंह मांगट के घर में लूटपाट की घटना को जो अंजाम दिया है। घटना की कुछ गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। पुलिस ने सीसीटीवी के जरिए बदमाशों की शिनाख्त करने का मंगलवार को प्रयास किया है।