बिलासपुर। पुलिस थाना कोट कहलूर के गांव जड़ोरी स्थित बेचिंग प्लांट में कार्यरत दो कामगार के साथ तलवार, डंडे से मारपीट करने और वहां मौजूद अन्य कामगारों पर बंदूक तान कर धमकाने का मामला सामने आया है। मारपीट करने वाले नकाबपोश छह युवक बाइक पर हथियारों के साथ प्लांट में पहुंचे थे। हालांकि घटना को अंजाम देने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। एक कामगार की शिकायत पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में राजीव शर्मा, निवासी गांव दड़ोली, तहसील नंगल, जिला रूपनगर, पंजाब ने बताया है कि जड़ोरी स्थित बेचिंग प्लांट में मिलर चलाने का काम करता हूं। मंगलवार को उसकी रात में ड्यूटी थी। रात 9 बजे वह बेचिंग प्लांट पहुंचा। वहां कमरे में अन्य कामगार भी मौजूद थे। तभी नकाबपोश छह युवक हाथ में डंडे और तलवार लेकर कमरे में घुस गए। उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। कमरे में मौजूद अन्य कामगार ने छुड़वाने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक युवक ने उसके (राजीव शर्मा) सिर पर तलवार मार दी। इस दौरान बेचिंग प्लांट में काम करने वाले किसी कामगार ने कमरे के दरवाजे को बंद करके बाहर से कुंडी लगा दी। यह देखकर मारपीट करने वाले एक युवक ने पैंट के अंदर से बंदूक निकाली और कमरे में मौजूद लोगों पर तान दी और दरवाजे की कुंडी खुलवाने को कहने लगा। कुछ समय बाद किसी ने दरवाजे की कुंडी बाहर से खोल दी और वह सभी धमकियां देते हुए वहां से चले गए। डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।