पुलिस को देखकर घबराया, बैग की तलाशी में मिली बड़ी खेप
जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरमाणा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को 818.87 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में जुट गई है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाने की योजना थी।
जानकारी के अनुसार थाना बरमाणा की टीम नियमित गश्त और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान वाशिंग स्टेशन अलसु पुल के पास एक व्यक्ति बैग लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को अपनी ओर आते देख वह घबरा गया और संदिग्ध गतिविधियां करने लगा। उसके हावभाव को देखते हुए पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। संदेह के आधार पर पुलिस ने नियमानुसार उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद बैग से 818.87 ग्राम चरस बरामद हुई। चरस की इतनी बड़ी मात्रा मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी की पहचान भारत भूषण निवासी समरहिल शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बरमाणा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और भविष्य में भी यह अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा।