-11 माह पहले जिम्मेवारी संभालने वाले राकेश ने दिया इस्तीफा
-विपक्षी गुट में जाने वाले तीनों सदस्य आए वापस
-नए प्रधान के पक्ष में 12 सदस्यों का समर्थन पत्र सहायक पंजीयक को सौंपा
-विपक्षी गुट की तख्ता पलट की कोशिशों को लगा झटका
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बगावती तेवर दिखाने वाले लेखराम वर्मा को एसीसी सीमेंट फैक्टरी बरमाणा से ढुलाई कार्य के लिए अधिकृत बिलासपुर ट्रक ऑपरेटर सहकारी सभा (बीडीटीएस) का नया प्रधान बनाया गया है। नाराज चल रहे तीन सदस्यों को मानने के लिए करीब 11 माह पहले प्रधान की जिम्मेवारी संभालने वाले राकेश ठाकुर को इस्तीफा देना पड़ा है। हालांकि इस्तीफा देने का कारण पारिवारिक बताया गया है।लेखराम वर्मा को प्रधान नियुक्त करने के समर्थन में 12 सदस्यों ने सहायक पंजीयक को पत्र भी सौंप दिया है। दूसरी ओर बीडीडीएस प्रबंधन में तख्ता पलट की कोशिशों में लगे विपक्षी गुट को भी इससे झटका लगा है।
बगावत करने वाले लेखराम वर्मा, सुरेश चौधरी और विकास भार्गव ने विपक्षी गुट के आठ सदस्यों के साथ मिलकर पिछले वीरवार को अविश्वास प्रस्ताव सहायक पंजीयक के सामने प्रस्तुत किया था। सूत्रों के अनुसार प्रधान पर मनमाने तरीके के काम करने के आरोप लगाने के बाद यह तीनों सदस्य बगावत पर उतरे थे। वहीं, सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं की ओर सभा के सचिव को अविश्वास प्रस्ताव पर आगामी कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर किए थे, लेकिन बीडीटीएस के वार्ड नंबर 10 के सदस्य की मृत्यु के बाद वहां हो रहे उपचुनावों के चलते प्रस्ताव पर बैठक बुलाने और नहीं बुलाने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। इसी बीच बगावत करने वाले सदस्य को मानने की कवायद भी शुरू हो गई। इसका नतीजा अब लेखराम वर्मा को प्रधान बनाने के रूप में निकला है। बाकी की कार्यकारिणी में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि लेखराम वर्मा के प्रधान बनने के बाद चेयरमैन की कुर्सी खाली हो गई है।
बता दें कि बीडीटीएस में पिछले साल दिसंबर में तख्तापलट हुआ था। जीतराम गुट को प्रबंधन कमेटी से हटा कर 13 सदस्यों के समर्थन से राकेश कुमार ठाकुर उर्फ़ रॉकी प्रधान बने थे।
बीडीटीएस के महासचिव प्रदीप ठाकुर ने बताया कि प्रधान राजेश ठाकुर ने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है। राकेश ठाकुर ने ही लेखराम वर्मा का नाम नए प्रधान के लिए प्रस्तावित किया था, जिसे 12 सदस्यों ने समर्थन दिया है। समर्थन पत्र सहायक पंजीयक को सौंप दिया गया है।