दिनभर आवाजाही रही प्रभावित, लोगों को 12 किलोमीटर करना पड़ा अतिरिक्त सफर
चट्टान गिरने से सड़क किनारे बना डंगा भी हुआ क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। सुन्हाणी-घुमारवीं वाया बरड़ संपर्क मार्ग पर रविवार सुबह करीब 10 बजे पहाड़ी से अचानक बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गिरने से अफरा-तफरी मच गई। चट्टानें इतनी बड़ी थीं कि सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह प्रभावित हो गया। गनीमत रही कि जिस समय चट्टानें पहाड़ी से नीचे आईं, उस दौरान वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
चट्टान गिरने से सड़क किनारे बना डंगा भी थोड़ा क्षतिग्रस्त हुआ है। वहीं, बड़ी चट्टानें सड़क के किनारे आकर रुक गईं। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग हरकत में आया और मार्ग को बहाल करने के लिए जेसीबी मशीनों को मौके पर भेजा गया। विभाग की मशीनें दिनभर चट्टानों और मलबे को हटाने में जुटी रहीं और देर रात तक सड़क बहाली का काम जारी रहा। मुख्य मार्ग बंद होने के कारण स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वाया बधाघाट और वाया भगेड़ होकर सफर करना पड़ा। इन दोनों वैकल्पिक मार्गों से लोगों को करीब 10 से 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। इससे वाहन चालकों को समय के साथ-साथ अतिरिक्त ईंधन खर्च भी उठाना पड़ा। रविवार होने के कारण समस्या और बढ़ गई। क्षेत्र में रविवार को बसों की आवाजाही अन्य दिनों की अपेक्षा कम रहती है। ऐसे में सड़क बंद होने से सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को वैकल्पिक साधनों या निजी वाहनों के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
पहाड़ी से चट्टानें गिरने का खतरा, स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार बरड़ के समीप पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण मार्ग पर खतरा बना हुआ है। बड़ी चट्टानों के सड़क पर गिरने से लोगों में भी भय का माहौल रहा। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि प्रभावित हिस्से का निरीक्षण कर पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारणों का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना से किसी तरह का जानी नुकसान न हो। खबर लिखे जाने तक सड़क को खोलने का कार्य किया जा रहा था।
कोट
चट्टान पहाड़ी के ऊपरी हिस्से से नीचे आई है। इससे सड़क किनारे बना डंगा थोड़ा प्रभावित हुआ है। चट्टानों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है और मशीनों के माध्यम से मार्ग को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग की कोशिश है कि सड़क को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल किया जाए।
-सचिन नड्डा, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बरठीं
सुन्हाणी-घुमारवीं वाया बरड़ संपर्क मार्ग बहाल करने में जुटी मशीन। संवाद