गांधी फेलोशिप के दौरान बिहार में जमीनी स्तर पर किया काम
स्वास्थ्य जागरूकता और महिला सशक्तीकरण में योगदान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। खारसी ब्राह्मणा गांव की बेटी आरती शर्मा को युवा नेतृत्व, सामाजिक क्षेत्र में योगदान और सामुदायिक सहभागिता के लिए हिंदुस्तान यूथ आइकॉन अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। उत्तर प्रदेश स्थित मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय में यूथ एवरेस्ट फाउंडेशन के पांचवें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में देश के 15 राज्यों से चयनित युवा परिवर्तनकर्ताओं को सम्मानित किया गया। आरती का चयन हिमाचल प्रदेश से युवा नेतृत्व और सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए हुआ। उन्होंने युवाओं को सामाजिक विकास से जोड़ने के साथ स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सशक्तीकरण और सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में कार्य किया है। आरती की सामाजिक यात्रा में गांधी फेलोशिप का अनुभव महत्वपूर्ण रहा। बिहार में फेलोशिप के दौरान उन्होंने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, फ्रंटलाइन वर्कर्स और समुदायों के साथ मिलकर मातृ एवं बाल स्वास्थ्य, पोषण, किशोर स्वास्थ्य और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विषयों पर काम किया। इसके अलावा वह युवा सहभागिता और नेतृत्व विकास से जुड़ी विभिन्न पहलों में भी सक्रिय रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान बिलासपुर की युवा प्रतिभा के लिए उपलब्धि है और ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का उदाहरण बना है।