जिले में बारिश से अब तक सभी विभागों को 65 करोड़ रुपये का नुकसान
बरसात में विभिन्न हादसों में आठ लोगों की गई जान, छह पशुओं की मौत
तीन जगह पर वन वे चल रहा किरतपुर-नेरचौक फोरलेन
प्रशासन ने लोगों से नदी नालों से दूर रहने की चेतावनी की जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में बारिश से अभी तक करीब 65 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। कई दिनों से लगातार हो रही बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है और आगे भी बारिश की संभावना बनी हुई है। जगह-जगह भूस्खलन हुए हैं। वहीं किरतपुर-नेरचौक फोरलेन अभी भी तीन स्थानों पर एकतरफा चला हुआ है।
वहीं मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक हुई तेज बारिश से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। भारी बारिश के कारण श्री नयना देवी जी की मुख्य सड़क पर भूस्खलन हुआ, जिसे लोक निर्माण विभाग की ओर से हटाया गया। ग्राम पंचायत नम्होल के बाग खुर्द गांव में अनंत राम के पशुशाला का आंगन गिर गया, जिस कारण उन्हें भारी नुकसान हुआ है। बारिश के कारण जिले में बस रूटों में भी देरी हो रही है। ग्रामीण रूट और बाहरी रूट इससे प्रभावित हो रहे हैं। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि जिले के सभी प्रमुख संपर्क मार्ग सुचारू रूप से खुले हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में बंद सड़कों को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं। जिन क्षेत्रों में पेयजल योजनाएं बाधित हुई हैं, उन्हें भी शीघ्र बहाल किया जाएगा। उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे नदी नालों से दूर रहें और बारिश के दौरान केवल आवश्यकता पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें।
वहीं अब तक बारिश से हुए नुकसान में लोक निर्माण विभाग को 45.73 करोड़, जल शक्ति विभाग को 15.50 करोड़, बिजली बोर्ड को 3.90 लाख ,शिक्षा विभाग के तहत स्कूलों को 7.80 लाख और स्वास्थ्य विभाग के भवनों को 13 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। नगर परिषद और नगर पंचायतों को भी करीब 95.50 रुपये का नुकसान हुआ है। अब तक जिले में कच्चे घर, गोशालाएं, रसोई, शौचालय और अन्य संरचनाओं को हुए नुकसान के 87 मामले दर्ज हुए हैं, जिनका अनुमानित नुकसान 43.56 लाख रुपये है। जिले भर में भारी बारिश के कारण छह पशुओं की मौत हुई है। बरसात के मौसम में अब तक आठ लोगों की मौत हुई है, जिनमें सड़क दुर्घटनाओं में तीन, सर्पदंश से दो, बिजली गिरने से एक, खड्ड में बहने से एक महिला और पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है।
श्री नयना देवी जी की मुख्य सड़क पर हुआ भूस्खलन। संवाद