कामधेनु संस्था और एचपी शिवा परियोजना के बीच उत्पाद विपणन पर अहम बैठक
परियोजना निदेशक बोले, किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाना है उद्देश्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कामधेनु संस्था और एचपी शिवा परियोजना के बीच उत्पादों की बिक्री और विपणन रणनीतियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता परियोजना के निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह ठाकुर ने की। बैठक में कामधेनु संस्था के संस्थापक जीत राम कौंडल और प्रधान नानक चंद ने संस्था की ओर से एचपी शिवा के तहत तैयार किए जा रहे उत्पादों को खरीदने में विशेष रुचि दिखाई गई। साथ ही दोनों संस्थाओं ने दीर्घकालिक सहयोग की प्रतिबद्धता भी जताई।
उन्होंने साथ ही इन उत्पादों की बिक्री को अपने काउंटरों के माध्यम से बढ़ाने पर सहमति भी दी। बैठक के दौरान डॉ. देवेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि एचपी शिवा परियोजना का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाना और उन्हें सीधे बाजार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि कामधेनु संस्था जैसे संगठनों के सहयोग से स्थानीय उत्पादों की पहुंच राज्य से बाहर तक विस्तारित की जा सकेगी, जिससे किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और हिमाचल के ब्रांड मूल्य में भी वृद्धि होगी। सहायक परियोजना निदेशक डॉ. रमल अंगारिया ने बताया कि एचपी शिवा परियोजना स्थानीय स्तर पर उत्पाद गुणवत्ता, पैकेजिंग और मार्केट कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि कामधेनु संस्था जैसे सक्षम मंचों के माध्यम से ग्रामीण उत्पादों को संगठित बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। इस अवसर पर जिला समन्वय अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि एचपी शिवा और कामधेनु संस्था मिलकर एक संयुक्त कार्ययोजना तैयार करेंगी, जिसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों की बिक्री व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।