कोटधार में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता में मुख्यातिथि के साथ खिलाड़ी। स्रोत: जागरूक पाठक
भडोली कलां की टीम ने उप विजेता का खिताब किया हासिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कोटधार नलवाड़ मेला समिति की ओर से लग दयो मेला मैदान में एक दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से पहुंची पुरुष खिलाड़ियों की टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद कलोल की टीम विजेता और भडोली कलां की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता में शांति सेवा समिति के अध्यक्ष अमरनाथ धीमान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। आयोजकों और खिलाड़ियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यातिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अमरनाथ धीमान ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलता है। खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत और टीम भावना की सीख देते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता कलोल और उपविजेता भडोली कलां की टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।