समोह स्कूल में आयोजित खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए।
समोह स्कूल में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में छात्रा खिलाड़ियाें ने दिखाया दमखम
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 20 स्कूलों से 255 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समोह में अंडर-14 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने खेल के मैदान में अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्यातिथि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सीता राम नेगी रहे। खिलाड़ियों ने उन्हें मार्च पास्ट की सलामी दी। इस अवसर पर स्थानीय स्कूल की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। खेल प्रभारी सुनील चंदेल ने बताया कि इस दौरान वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, शतरंज खेल कराए गए। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 20 स्कूलों से 255 खिलाड़ियों ने भाग लिया। वॉलीबॉल स्पर्धा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जड्डू कुलज्यार विजेता और कलोल स्कूल उपविजेता रहा। इस स्पर्धा में समोह और सीपीएस बरठीं ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। कबड्डी में जड्डू कुलज्यार विजेता और जेजवीं स्कूल उपविजेता रहा। इसमें बलघाड़ और एसजीआईएस झंडूता ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। खो-खो में डाहड स्कूल विजेता और गेहड़वीं स्कूल उपविजेता रहा। इसमें समोह और बलघाड़ स्कूल ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में तलाई विजेता और झंडूता स्कूल उपविजेता रहा। इसमें कलोल और मलराव स्कूल ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। शतरंज में झंडूता स्कूल विजेता और समोह स्कूल उपविजेता रहा। इसमें मलराव और आरएसएन झंडूता ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, मार्चपास्ट में समोह स्कूल को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। मुख्यातिथि ने सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य श्याम लाल चौधरी, एसएमसी, स्कूल का स्टाफ, विभिन्न स्कूलों से आए शिक्षक, खिलाड़ी आदि उपस्थित रहे।