उपायुक्त कार्यालय ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मौके पर जांच कर रिपोर्ट सौंपने के दिए निर्देश
पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर धराड़सानी में निजी होटल के साथ मलबे की अवैध डंपिंग का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। उपायुक्त बिलासपुर कार्यालय ने हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय प्रबंधक को नियमानुसार मौके की जांच करने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन को प्राप्त शिकायत के अनुसार निजी होटल के समीप क्षेत्र में बिना अनुमति के मलबा डंप किया गया है। इस डंपिंग से पर्यावरणीय असंतुलन और निकटवर्ती क्षेत्र में प्रदूषण की आशंका जताई गई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला राजस्व अधिकारी बिलासपुर ने मामले की छानबीन के लिए औपचारिक पत्र जारी किया है। जिला राजस्व अधिकारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि क्षेत्रीय प्रबंधक मौके पर जाकर डंप किए गए मलबे की मात्रा, संबंधित खसरा नंबर और स्थल की स्थिति की जांच करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि डंपिंग नियमानुसार हुई है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। इस संबंध में जिला प्रशासन ने यह भी कहा है कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।