-तहसीलदार सोमवार को एसडीएम को सौंपेंगे रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। राजस्व विभाग घुमारवीं के क्षेत्रीय कार्यालय कुठेड़ा में भवन की मरम्मत में पाई अनियमितता के मामले में उपमंडल अधिकारी घुमारवीं द्वारा गठित दो सदस्य कमेटी ने वीरवार को जांच पूरी कर ली। इसकी रिपोर्ट सोमवार को एसडीएम के समक्ष पेश की जाएगी। इसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
बताते चलें कि राजस्व विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय कुठेडा़ के भवन की मरम्मत के लिए दो लाख पचास हजार रुपये की राशि जारी की गई थी। इसका काम वहां के तत्कालीन क्षेत्रीय कानूनगो द्वारा करवाया गया था। उसके बाद उनका वहां से तबादला हो गया था। जब दूसरे कानूनगो ने उपरोक्त का कार्य भार संभाला तो उन्होंने भवन के मरम्मत कार्य से संतुष्ट न होकर एसडीएम के समक्ष इसकी शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग अधिकारी द्वारा उपरोक्त कार्य का मूल्यांकन किया गया था। इसमें एक लाख चालीस हजार रुपये के काम होने की पुष्टि हुई थी। इस पर एसडीएम घुमारवीं ने क्षेत्रीय कानूनगो को शेष राशि एक लाख चालीस रुपये जमा करवाने के आदेश जारी किए गए थे, लेकिन उसके बाद मामला ठंडा बस्ते में चला गया तथा किसी भी प्रकार की कोई रिकवरी नहीं हो पाई। इसके बाद कुठेड़ा के स्थानीय निवासी सेवानिवृत्ति सूबेदार ने रिकवरी न किए जाने के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद स्थानीय एसडीएम द्वारा छानबीन के लिए दो सदस्य कमेटी का गठन किया गया। वहीं अब वीरवार को कमेटी ने कुठेड़ा में जाकर मामले की पूरी छानबीन की। शिकायतकर्ता का कहना है कि जांच में आरोपी कानूनगो को बचाने के लिए कार्य किया जा रहा है। कारण यह है कि आरोपी कानूनगो पर बड़े नेता का हाथ है। उसकी शह में कानून को बचाने का कार्य किया जा रहा है। वो इस जांच से संतुष्ट नहीं हैं। वहीं तहसीलदार दीनानाथ शर्मा ने कहा कि जांच पूरी कर ली गई है। सोमवार को एसडीएम को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।