- मोरसिंघी में आयोजित हुआ एक दिवसीय शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। महिला एवं बाल विकास भारत सरकार की ओर से चलाई जा रही मिशन शक्ति योजना के तहत 100 दिन विशेष जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत सोमवार को महिला एवं बाल विकास हिमाचल प्रदेश की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोरसिंघी में एक दिवसीय जेंडर सेंसिटाइजेशन शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जेंडर जेंडर स्पेशलिस्ट शिल्पा शर्मा ने मंत्रालय की ओर से चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजना मिशन शक्ति के उद्देश्य और इसके तहत चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना को दो भागों में आवंटित किया गया है। पहले भाग में बेटी बचाओ बेटी, पढ़ाओ योजना, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन, नारी अदालत और चाइल्ड हेल्पलाइन शामिल है। इसी के साथ सामर्थ्य जो कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही हैं। इसमें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, शक्ति सदन, पालना, कामकाजी महिला छात्रावास आदि शामिल हैं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के लिए चलाई जा रही विभागीय योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मदर टेरेसा असहाय संबल योजना, बेटी है अनमोल, विधवा पुनर्विवाह योजना, महिला स्वरोजगार योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर शिवाली शर्मा ने वन स्टॉप सेंटर के बारे में बताया कि वह किस प्रकार से घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं की एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की सहायता जैसे कानूनी सहायता स्वास्थ्य संबंधी सहायता और काउंसलिंग करके उनकी समस्याओं का समाधान करते हैं। डॉ. अनु वर्मा और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सोनिया शर्मा ने बालिकाओं को उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। इस मौके पर बाल विकास परियोजना अधिकारी घुमारवीं रंजना शर्मा, श्यामा सहित अन्य मौजूद रहे।