सप्ताह में दो हादसों ने खड़े किए सवाल, बस स्टैंड सड़क पर अतिक्रमण और सीर खड्ड पुल पर कम ऊंचाई की रेलिंग बनी चिंता का विषय
स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण हटाने और सीर खड्ड पुल पर ऊंची रेलिंग लगाने की उठाई मांग
संजीव शामा
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में एक सप्ताह के भीतर हुए दो हादसों ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस स्टैंड रोड पर हुए हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि रविवार देर शाम सीर खड्ड पुल से दो नाबालिग बच्चियों के छलांग लगाने की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। दोनों घटनाओं के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग उठने लगी है। लोगों का सवाल है कि हादसों के बाद ही व्यवस्था सुधारने की पहल क्यों होती है और समय रहते जरूरी कदम क्यों नहीं उठाए जाते। स्थानीय निवासी संदीप कुमार, सचिन, दीपक शर्मा, सतीश मेहता, राकेश मेहता, रवि उप्पल, सुरजीत पटियाल, मदन लाल और अभिषेक शर्मा ने घुमारवीं बस स्टैंड सड़क को अतिक्रमण मुक्त करवाने और सीर खड्ड पुल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को किसी और हादसे का इंतजार किए बिना जरूरी कदम उठाने चाहिए। लोगों ने पुल पर ऊंची जाली लगाने के साथ कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने की भी मांग की है। पुल के नीचे बहने वाली सीर खड्ड का पानी पहले ही कूड़े और गंदगी से प्रभावित हो रहा है।
बता दें कि कुछ दिन पहले घुमारवीं बस स्टैंड सड़क पर हुए हादसे में एक युवक बस के पिछले टायर के नीचे आ गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद सड़क के दोनों ओर बने फुटपाथ पर रेहड़ी-फड़ी लगाने, दुकानदारों की ओर से सामान रखने और दोपहिया वाहनों की पार्किंग का मुद्दा भी सामने आया। फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वालों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। वहीं, सीर खड्ड पुल पर हुई घटना के बाद इसकी सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुल पर लगी रेलिंग की ऊंचाई महज दो से ढाई फीट के आसपास है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर पांच से छह फीट ऊंची मजबूत लोहे की जाली लगाई जानी चाहिए, ताकि सुरक्षा के इंतजाम मजबूत हो सकें। कंदरौर पुल इसका उदाहरण है। यहां पहले भी छलांग लगाने की घटनाएं सामने आने के बाद ऊंची लोहे की जाली लगाई गई थी। लोगों का सवाल है कि जब कंदरौर पुल पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जा सकते हैं तो सीर खड्ड पुल पर ऐसा क्यों नहीं हुआ। संवाद
डीपीआर तैयार करने के निर्देश, पुल पर लगेगी ऊंची रेलिंग
सीर खड्ड पुल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए ऊंची रेलिंग लगाने का मामला उपायुक्त के समक्ष उठाया गया है। लोक निर्माण विभाग को इसके लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। डीपीआर तैयार होने के बाद आगामी औपचारिकताएं पूरी कर पुल पर ऊंची और मजबूत रेलिंग लगाई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की आशंका कम की जा सके।
-अभिषेक बरवाल, उपमंडलीय अधिकारी, घुमारवीं