ढींगू जंगल में काटे गए चीड़ के पेड़।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। मझासु और ढांगू वीर जंगल में हुए अवैध कटान की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई है कि जिले में अवैध कटान का एक और मामला सामने आया है। वन परिक्षेत्र घुमारवीं के तहत पनौल बीट के ढींगू जंगल में दर्जनों चीड़ के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चली है। इन पेड़ों को कुछ दिन पहले ही काटा गया है। पेड़ों की मोटाई काफी ज्यादा है। हालांकि विभागीय अधिकारियों का तर्क है कि ग्रामीण दाहसंस्कार आदि के लिए पेड़ काट लेते हैं, लेकिन कटे हुए पेड़ों की संख्या अधिक है। इन्हें देखकर लगता है कि अवैध कटान किया गया है। हैरानी का विषय है कि जिले में हर बीट में वन विभाग के कर्मचारी तैनात हैं, लेकिन विभाग अनजान बना हुआ है।
कुछ दिन पहले ही पनौल बीट के मझासु और हरलोग के ढांगू वीर जंगल में हुए खैर के पेड़ों के अवैध कटान की जांच के लिए वन विभाग की शिमला इकाई से फ्लाइंग स्क्वायड की टीम बिलासपुर पहुंची है। टीम जंगलों में हुए कटान की जांच कर रही है। इसके बाद टीम इस अवैध कटान की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को सौंपेगी। रेंज ऑफिसर अशोक कुमार ने बताया कि कटान की कोई जानकारी नहीं है। हो सकता है कि ग्रामीणों ने दाहसंस्कार के लिए पेड़ कोटे हों। मामले की जांच करवाई जाएगी। यदि इस तरह का मामला पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।