घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं में लाखों रुपये का गृह टैक्स रसूखदार दबाकर बैठे हैं। नगर परिषद के अधिकारियों ने कई बार नोटिस भेजा लेकिन वे इसकी अनदेखी कर रहे हैं। नगर परिषद के लाखों रुपयों पर इस वक्त कई लोग कुंडली मारकर बैठे हैं।
नगर परिषद ने अपने टैक्स को वसूलने के लिए कई बार लोगों को नोटिस भी भेजे। यह नोटिस वार्ड नंबर एक से शुरू किए हैं और सभी वार्डों के टैक्स अदा न करने वाले लोगों को भेजे गए थे। नगर परिषद घुमारवीं में सात वार्ड हैं। नगर परिषद लगभग आठ किलोमीटर के दायरे में फैली है। इसमें कुछ लोग ऐसे भी हैं जो खुद अपना टैक्स समय-समय पर भरते हैं। कुछ टैक्स देने के नाम पर आनाकानी करते हैं। नगर परिषद के अभी भी लोगों के पास 58 लाख 756 रुपये लेने हैं जो भुगतान नहीं कर रहे हैं। यह पैसे 772 लोगों से लेने को हैं। नगर परिषद को सबसे ज्यादा जो पैसे लोगों से टैक्स के रूप में आने हैं वह वार्ड छह और सात के हैं। जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक हैं। टैक्स अदा करने वालों की संख्या में दिन प्रतिदिन बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। लोगों के पास पैसा फिर फंसता जा रहा है।
नगर परिषद के क्षेत्र में जिन लोगों ने अपना गृह कर नहीं भरा है ऐसे काफी लोग हैं। नगर परिषद ने ऐसे लोगों की लिस्ट तैयार की गई है। उन्हें टैक्स के लिए नगर परिषद ने नोटिस भेजा है। नगर परिषद की बैठक में बकाया राशि पर विशेष चर्चा की जाएगी। नप अपने गृहकर को उपभोक्ताओं को छूट देकर वसूले।
श्याम शर्मा, उपाध्यक्ष, नगर परिषद