- परिवार ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल सदर की ग्राम पंचायत धूनी पंजैल के गांव पंजैल कला में बरसात में क्षतिग्रस्त मकान अब गिर गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से राहत राशि प्रदान करने की मांग की है।
पंजैल कला गांव के संत राम ने बताया कि बरसात में उसके घर के साथ लगता एक अन्य मकान गिर गया था। साथ ही उसके मकान में दरार आ गई थी। पटवारी ने उस समय नुकसान की रिपोर्ट बनाने का आग्रह किया था, लेकिन पटवारी ने रिपोर्ट नहीं बनाई। अब जब साथ वाले मकान मालिक निर्माण कार्य शुरू करने लगा तो उसके क्षतिग्रस्त मकान का एक हिस्सा गिर गया। संत राम ने प्रशासन से मांग की है कि हल्का पटवारी को मौके पर भेजा जाए और रिपोर्ट बनाकर उचित मुआवजा दिया जाए। उधर, हल्का पटवारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की उन्हें जानकारी नहीं दी। यदि ऐसी कोई घटना हुई तो पीड़ित परिवार की उचित सहायता की जाएगी।